Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। साइबर थाना NIT की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 4 अप्रैल को नवीन कुमार (42), निवासी शाहबाद (कुरुक्षेत्र) को गिरफ्तार किया है। आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
पुलिस के अनुसार, एसजीएम नगर के एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि जनवरी 2026 में उसकी फेसबुक आईडी पर एक मैसेज आया। इसमें खुद को “ग्लोबल प्राइम ट्रेड” से जुड़ा बताकर पैसे निवेश करने पर ज्यादा मुनाफा देने का लालच दिया गया।
इसके बाद शिकायतकर्ता को एक लिंक भेजा गया, जिसमें उसने अपनी जानकारी भर दी। फिर उसका अकाउंट एक वेबसाइट पर बनाया गया और उसे टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। ठगों के कहने पर उसने अलग-अलग खातों में कुल 54,85,000 रुपये निवेश कर दिए, लेकिन बाद में उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी नवीन कुमार ने “Giggle Business Soln” के नाम से एक बैंक खाता खुलवाया था, जिसे उसने ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दे दिया था। उसके खाते में ठगी के 75 हजार रुपये आए थे। आरोपी पेशे से टैक्सी ड्राइवर है और 8वीं तक पढ़ा हुआ है।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।

