Faridabad/Alive News: गूगल रेटिंग और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 1.57 लाख रुपए की ठगी के मामले में खाताधारक गिरफ्तार।
फरीदाबाद के सुर्या विहार पार्ट-3, सेहतपुर निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सैंट्रल में शिकायत दी है कि उसके साथ ऑनलाइन ठगी हुई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 17 अक्टूबर 2024 को उसे व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें गूगल पर रेटिंग देने और शेयर बाजार में निवेश करने के नाम पर पैसे कमाने की बात कही गई थी। इस झांसे में आकर उसने कुल 1,57,798 रुपये भेज दिए। बाद में उसे ठगी का पता चला, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
साइबर थाना सैंट्रल की पुलिस ने जांच करते हुए राजस्थान के गंगानगर निवासी अभिषेक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अभिषेक बेरोजगार है और उसने अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए दे दिया था। ठगी की रकम में से 8 हजार रुपये उसके खाते में आए थे।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

