November 17, 2026

एंबुलेंस के डीजल खर्च पर गिरी गाज, चार कर्मचारियों के तबादले; पेट्रो कार्ड भी लिए वापस

Faridabad/Alive News: एंबुलेंस के डीजल खर्च में सामने आई गड़बड़ी के बाद स्वास्थ्य विभाग में कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है। मामले की जांच के बीच चार कर्मचारियों का तबादला किया जा चुका है। वहीं, डीजल भरवाने की पुरानी व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। निजी पेट्रोल पंप संचालकों के पास रखे एंबुलेंस के सभी पेट्रो कार्ड विभाग ने वापस ले लिए हैं। अब एंबुलेंस में डीजल केवल सरकारी पेट्रोल पंप से ही भरवाया जाएगा। विभाग के इन कदमों को डीजल खर्च में पारदर्शिता लाने और दोबारा ऐसी अनियमितता रोकने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

दरअसल, दो नवंबर को मामला सामने आया था कि एंबुलेंस के सड़क पर चले बिना ही लाखों रुपये का डीजल खर्च दिखाया गया। इसके बाद स्वास्थ्य निदेशालय ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम फरीदाबाद भेजी थी। टीम ने तीन और चार नवंबर को एंबुलेंस के रिकॉर्ड खंगाले। इस दौरान चालकों, सर्विस सेंटर संचालक, फ्लीट अधिकारी और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए। टीम जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गई थी।

चार कर्मचारियों के तबादले

मामले के बाद फ्लीट मैनेजर हरकेश डागर, कंट्रोल रूम ऑपरेटर अनिल कुमार, धनंजय प्रताप और अनिल यादव का तबादला किया जा चुका है। इसके अलावा संबंधित निजी पेट्रोल पंपों से डीजल भरवाने की व्यवस्था भी बंद कर दी गई है।

रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग को अब निदेशालय की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग ने पेट्रो कार्ड वापस लेकर और सरकारी पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने का फैसला कर ईंधन खर्च की व्यवस्था में बदलाव किया है।