June 26, 2026

अवैध हथियार रखने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, 4 देसी कट्टे बरामद

Faridabad/Alive News: अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चार देसी कट्टे बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 24 फरवरी को क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमों ने गुप्त सूचना के आधार पर शहर के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।

क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने धीरज नगर निवासी शिवम कुमार को सेक्टर-37 बाईपास रोड से एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। अपराध शाखा DLF की टीम ने सूरदास कॉलोनी निवासी ताबीर को रोशन नगर के जगमाल एन्क्लेव से एक देसी कट्टे सहित पकड़ा।

इसी तरह क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने प्रिंस कुमार उर्फ डेविड (गांव चांदपरसा, हाल एसजीएम नगर) को सेक्टर-21D श्मशान घाट के पास से एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। एक अन्य आरोपी जोनी, निवासी गांव छांयसा, को मच्छगर गांव के पास से एक देसी कट्टे सहित पकड़ा गया।

चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।