March 7, 2026

फरीदाबाद में बोले कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान: बीजेपी ने चुनाव आयोग से मिलकर की वोट चोरी, एकजुट होने की जरूरत

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनाव आयोग के साथ सांठगांठ कर वोट चोरी की और इसी के दम पर सत्ता हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बीजेपी के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।

उदयभान दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर के खिलाफ हो रही ‘वोट चोरी छोड़ो’ रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सिर्फ हरियाणा ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी बीजेपी ने वोटों में गड़बड़ी कर सरकार बनाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और चुनाव आयोग की मिलीभगत से मतदाता सूची में गड़बड़ियां की जा रही हैं। उदयभान ने कहा कि कांग्रेस ने वोट चोरी के खिलाफ करीब 55 लाख हस्ताक्षर जुटाए हैं। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने इस मुद्दे को सबूतों के साथ उठाया है और रैली के बाद राष्ट्रपति से मुलाकात कर हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपा जाएगा।

उदयभान ने कहा कि हरियाणा में बीजेपी ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर वोट चोरी कर सरकार बनाई। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एसआईआर के जरिए लोगों को वोट देने से वंचित किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में महज 22 हजार वोटों के अंतर से सरकार बनी। अगर चुनाव में कोई गड़बड़ी नहीं हुई, तो बैलेट पेपर में कांग्रेस 77 सीटों पर आगे कैसे थी और ईवीएम की गिनती के बाद पीछे कैसे हो गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव, साथ ही लोकसभा चुनाव जीते हैं।