March 7, 2026

परसोन मंदिर प्रबंधन को वन विभाग का नोटिस, 15 दिन में तोड़नी होगी यज्ञशाला

Faridaba/Alive News: अरावली वन क्षेत्र में हो रही तोड़फोड़ की कार्रवाई अब परसोन मंदिर तक पहुंच गई है। वन विभाग की ओर से मंदिर के यज्ञशाला सहित अन्य निर्माण को तोड़ने का नोटिस दिया गया है। 15 दिनों में यह निर्माण मंदिर प्रबंधन को हटाना है। मंदिर के आस-पास हुए अवैध निर्माण पर विभाग की ओर से नोटिस लगा दिया गया है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंदिर प्रबंधन द्वारा वन क्षेत्र की जमीन पर सीमेंटेड यज्ञशाला बना ली गई है। यज्ञशाला निर्माण से पहले विभाग से अनुमति नहीं ली गई थी। वन विभाग की ओर से 26 फरवरी को नोटिस जारी किया गया है। प्रबंधन को यज्ञशाला सहित अन्य निर्माण हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। प्रबंधन ने निर्माण नहीं हटाया तो वन विभाग कार्रवाई करेगा।

मंदिर प्रबंधन ने जताई नाराजगी, मंत्री से मांगेंगे मदद
प्रबंधन ने बताया कि मंदिर हजारों वर्ष पुराना है। यह लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। यहां एक भी निर्माण को हटाने नहीं दिया जाएगा। प्रबंधन और ग्रामीण इसका विरोध करेंगे। कार्रवाई रुकवाने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से गुहार भी लगाएंगे।

क्या कहना है अधिकारी का
यज्ञशाला सहित अन्य अवैध निर्माण को चिन्हित करके हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया है। यह वन क्षेत्र में बने हैं। पीएलपीए के तहत वन क्षेत्र में गैर वानिकी कार्य नहीं किए जा सकते हैं। इसके तहत ही नोटिस दिया गया है।
झलकार, जिला वन अधिकारी।