March 7, 2026

इस सर्दी में पहली बार पारा 3 से नीचे, यूपी में कोल्ड-डे, कई शहरों में तापमान 7 से कम हुआ दर्ज

Delhi/Alive News: भारत के मध्य और उत्तरी हिस्सों में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रविवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत देश के 18 राज्यों में घने कोहरे के अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश में सर्दी अपने चरम पर है। इस सर्दी सीजन पहली बार शनिवार को तापमान 3 डिग्री से नीचे पहुंच गया। शहडोल के कल्याणपुर में 2.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल में लगातार एक हफ्ते से तापमान 7 डिग्री से कम है।

यूपी और बिहार में कोल्ड-डे के हालात है। सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। दिन और रात के समय एक जैसी सर्दी पड़ रही है। ज्यादातर शहरों में धूप के दर्शन ही नहीं हो रहे हैं। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश की तरह पड़ रही हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।

यूपी में शिमला और नैनीताल से ज्यादा सर्दी है। रविवार सुबह बरेली, कानपुर समेत कई शहरों का तापमान 7 डिग्री या उससे कम रिकॉर्ड किया गया। कानपुर में सबसे कम, 6.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। शिमला में शनिवार को तापमान 11° और नैनीताल में 10° रहा।

कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बर्फबारी हुई। गुलमर्ग में करीब दो इंच बर्फ जमी है। सोनमर्ग में सुबह से बर्फबारी जारी है। कश्मीर में 40 दिनों के भीषण सर्दी का दौर, चिल्लई-कलां आज से शुरू हो गया है। चिल्लई-कलां हर साल 21 दिसंबर से 31 जनवरी तक रहता है। इस दौरान सबसे ज्यादा बर्फबारी होती है।