Faridabad/Alive News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी विजय प्रताप सिंह ने रविवार को बड़खल विधानसभा क्षेत्र की गांधी कॉलोनी का दौरा कर वहां की दुर्दशा देखी। उन्होंने कहा कि यह रोड स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का हिस्सा है, फिर भी बुरी तरह टूटी हुई है। पास के स्मार्ट सिटी गांव फतेहपुर चंदीला में भी हालात खराब हैं। रेलवे रोड पर लगातार सीवर का पानी बहता रहता है। पिछले 11 साल से रेलवे स्टेशन का निर्माण अधूरा है, जबकि इस पर कई बार बयान दिए जा चुके हैं।
विजय प्रताप ने कहा कि स्मार्ट सिटी में जलभराव, टूटी सड़कें, जाम सीवर और गंदगी के ढेरों से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त है और स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। अगर हालात नहीं सुधरे, तो वह पूरी कांग्रेस को सड़कों पर लाकर लोगों को राहत दिलाने का प्रयास करेंगे।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि विधायक को बड़खल विधानसभा के भूगोल और इतिहास की सही जानकारी नहीं है, जिसके कारण वे तथ्यहीन बयान देते रहते हैं। उन्होंने बताया कि सेक्टर-46 की सड़क 2006-2007 में, वन विभाग की जमीन होने के बावजूद, जनहित में तत्कालीन विधायक चौधरी महेंद्र प्रताप के कार्यकाल में बनी थी। यह सड़क वर्षों से टूटी हुई थी, जिसे बार-बार मांग के बाद हाल ही में रिपेयर किया गया है, लेकिन विधायक इसका श्रेय खुद ले रहे हैं।
विजय प्रताप ने सलाह दी कि विधायक बेवजह की बयानबाजी छोड़कर क्षेत्र के विकास पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि हमारे लिए राजनीति सेवा का माध्यम है, न कि दुकानदारी।

