March 7, 2026

एफएमए ने श्री विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय प्रबंधन दिवस 2026 का किया आयोजन 

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन (एफएमए) ने श्री विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी (एसवीएसयू) के सहयोग से आज वीरवार को “स्किल्स, स्ट्रेटेजी एवं स्मार्ट लीडरशिप” विषय पर राष्ट्रीय प्रबंधन दिवस 2026 का आयोजन किया। जिसका नेतृत्व एफएमए के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर वी. त्यागराजन ने किया। कार्यक्रम के संरक्षक के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार, डीन अकादमिक कार्य प्रो. (डॉ.) विक्रम सिंह, रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) ज्योति राणा तथा डीन, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च प्रो. एस. के. सिन्हा भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एफएमए की अध्यक्ष सलोनी कौल ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में मानवीय कौशल और संवेदनशील नेतृत्व की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। योगेश सोनी ने मानव संसाधन प्रबंधन में एआई के व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर चर्चा की। रविंदर सिंह ने श्रम कानूनों तथा उद्योग में उनकी प्रासंगिकता को रेखांकित किया। वहीं हीना सिंह ने कार्यस्थल पर सहानुभूति, नैतिक जिम्मेदारी और प्रभावी नेतृत्व के मानवीय पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में प्राध्यापकों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। 

समापन संबोधन में कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने आयोजन की सफलता पर आयोजकों को बधाई दी और विद्यार्थियों को कौशल, रणनीति एवं स्मार्ट नेतृत्व के माध्यम से भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। यह आयोजन प्रबंधन शिक्षा को उद्योग से जोड़ने तथा कौशल-आधारित नेतृत्व को प्रोत्साहित करने की दिशा में एफएमए और एसवीएसयू की संयुक्त प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से दर्शाता है।