May 4, 2024

प्रेमी के हाथों पहले करवाई जीजा की हत्या, फिर बनाया पति को रास्ते से हटाने का प्लान

Chandigarh/Alive News : बहन से मिलकर प्रेमी के हाथों जीजा की हत्या कराने का मामला सामने आया है। इतना ही नही विवाहिता ने पूरी वारदात की वीडियो भी बनाई और उसके बाद उसने प्रेमी को पति की हत्या के लिए भी कहा। साथ ही पति को रास्ते से हटाने के बाद ही शादी की शर्त रखी, जब प्रेमी इसके लिए तैयार नहीं हुआ तो विवाहिता ने उसे जीजा की हत्या में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद भी जब प्रेमी हत्या करने के लिए राजी नहीं हुआ तो बहन के माध्यम से पुलिस को शिकायत दिलाई। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जब आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो खौफनाक साजिश और हत्या की परतें खुलती चली गई।

मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से करनाल के दाहा-बछिदा निवासी अशोक (मृतक) भारत नगर में रहता था। तीन भाइयों में वह सबसे छोटा था। उसका सबसे बड़ा भाई बिजेंद्र और मंझला भाई राजू है। तीनों शादीशुदा हैं। अशोक की पत्नी सोनू और राजू की पत्नी ऊषा दोनों सगी बहनें हैं। पांच साल पहले राजू एक फैक्टरी में काम करता था, उसी फैक्टरी में करसिंधू निवासी दीपक भी मालिक का ड्राइवर था। दोनों की दोस्ती हुई और दीपक सोनू के घर आने-जाने लगा।

इस दौरान दीपक और ऊषा का रिश्ता करीब होता चला गया। दूसरी ओर अशोक की पत्नी सोनू के भी किसी अन्य युवक के साथ अवैध संबंध थे। अशोक के नाम एक प्लॉट था, जिस पर सोनू और उसकी बहन ऊषा की नजर थी। यही कारण है कि दोनों बहनों ने दीपक की मदद से पहले अशोक को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

जिसके बाद वर्ष 2021 में जून में उसके पति अशोक और दीपक की कहासुनी हो गई थी। रंजिश के तहत 19 दिसंबर की रात को दीपक उसके पति को घर से बुलाकर ले गया, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं लगा था।

 पुलिस ने उपरोक्त मामले की जांच करते हुए आरोपी दीपक को हिरासत में लिया तो पूरे मामले का खुलासा हुआ और शिकायत देने वाली मृतक अशोक की पत्नी और उसकी बहन ऊषा भी उपरोक्त मामले में दोषी मिले।