Faridabad/Alive News: दयालपुर फफूंदा गांव में सगाई समारोह के दौरान फायरिंग करने के मामले में थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, सुनील निवासी गांव फफूंदा ने शिकायत दी थी कि 1 फरवरी को उसके घर सगाई का कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब 10:30 बजे उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर आया तो देखा कि उसका पड़ोसी मनजीत अपने एक दोस्त के साथ घर के बाहर खड़ा होकर पिस्टल से फायरिंग कर रहा था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी कुछ देर बाद वहां से चला गया, लेकिन फिर दोबारा वापस आकर गाली-गलौच की, दोबारा फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनजीत (26 वर्ष), निवासी दयालपुर फफूंदा, बल्लभगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और शिकायतकर्ता पड़ोसी हैं और किसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले से मनमुटाव चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने फायरिंग की।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

