Faridabad/Alive News: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के उप-चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने और पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नवनिर्मित ग्राम पंचायतों मंडी आदमपुर व जवाहर नगर (खंड आदमपुर, जिला हिसार) तथा पोलड़ व गोबिंदपुर (खंड सिवान, जिला कैथल) में पंच, सरपंच, पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव हेतु प्रारूप मतदाता सूची 19 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक वार्डवार जारी की जाएगी।
सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषदों के वार्डों की प्रारूप मतदाता सूची 2 मार्च 2026 को प्रकाशित होगी तथा इस पर दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। दावे-आपत्तियां निर्धारित प्रपत्र 1ए व 1बी में 9 मार्च 2026 तक जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जा सकेंगी।
प्राप्त दावों-आपत्तियों का निपटान 12 मार्च 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद निर्णय के विरुद्ध उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के समक्ष अपील की अंतिम तिथि 16 मार्च 2026 रहेगी, जबकि अपीलों का निपटान 19 मार्च 2026 तक होगा।
उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 मार्च 2026 को किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि निर्धारित तिथियों के अनुसार प्रारूप सूची का अवलोकन कर समय पर अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कराएं, ताकि उप-चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

