November 25, 2026

एफएफआरसी ने नहीं कराया निजी स्कूलों का ऑडिट, सीए को मिलता रहा मानदेय, उच्चस्तरीय जांच की मांग

हरियाणा अभिभावक एकता मंच ने की प्राइवेट स्कूलों पर कार्यवाही की मांग

Faridabad/Alive News: हरियाणा में निजी स्कूलों की फीस और वित्तीय अनियमितताओं पर निगरानी रखने वाली फीस एंड फंड्स रेगुलेटरी कमेटी (एफएफआरसी) की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मिली जानकारी में खुलासा हुआ है कि कमेटी के गठन से लेकर अब तक फरीदाबाद में किसी भी निजी स्कूल का ऑडिट नहीं कराया गया है, जबकि इस कार्य के लिए नियुक्त चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को सरकारी खजाने से लगातार मानदेय दिया जाता रहा है। इस मामले को गंभीर बताते हुए हरियाणा अभिभावक एकता मंच ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

मंच के प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा और जिला महासचिव एडवोकेट बीएस बिरदी ने बताया कि एफएफआरसी में लगाई गई आरटीआई के जवाब में राज्य जन सूचना अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि चेयरमैन एफएफआरसी के गठन के बाद से अब तक एक भी निजी स्कूल का ऑडिट नहीं हुआ है। मंच ने इस जवाब की प्रति मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र के साथ संलग्न की है।

मंच के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट ओपी शर्मा और जिला अध्यक्ष एडवोकेट शिवकुमार जोशी के अनुसार, हरियाणा सरकार ने शिक्षा नियमावली में संशोधन कर एफएफआरसी चेयरमैन को प्रत्येक श्रेणी के कम से कम पांच प्रतिशत निजी स्कूलों के खातों का ऑडिट कराने का अधिकार दिया था। इसके तहत शिकायतों के आधार पर और लॉटरी के माध्यम से चयनित स्कूलों के खातों की जांच की जानी थी। इस कार्य के लिए 18 फरवरी 2019 को वार्षिक मानदेय के आधार पर एक अनुभवी चार्टर्ड अकाउंटेंट की नियुक्ति भी की गई थी।

मंच के पदाधिकारियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार एफएफआरसी चेयरमैन को पत्र लिखकर स्कूलों का ऑडिट कराने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंच ने सवाल उठाया है कि जब ऑडिट का काम ही नहीं हुआ तो सीए को किस आधार पर सरकारी खजाने से मानदेय दिया जाता रहा। मंच ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।