August 1, 2026

छात्रा से चार महीने तक छेड़छाड़

Noida/Alive News: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित एक निजी स्कूल की मूकबधिर छात्रा से चार महीने तक छेड़छाड़ करने वाले स्कूल बस चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की प्रताड़ना और धमकियों से सदमे में आई सातवीं कक्षा की छात्रा को चार दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। वह राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग खिलाड़ी भी है।

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है, वहीं सुरक्षा में लापरवाही को लेकर स्कूल प्रबंधन और बस संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

सहपाठियों की सतर्कता से हुआ खुलासा

घटना का खुलासा 28 जुलाई को हुआ, जब पीड़िता के दोस्तों ने बस चालक को अश्लील हरकतें करते देख लिया। दोस्तों ने तुरंत इसकी शिकायत स्कूल टीचर से की। शिक्षिका ने छात्रा के परिजनों को स्कूल बुलाकर मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पीड़ित पिता ने नॉलेज पार्क थाने में तहरीर दी।

मेरठ दौरे के दौरान शुरू हुई थी प्रताड़ना

पिता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, प्रताड़ना की शुरुआत 5 अप्रैल को हुई थी, जब छात्रा स्कूल टीम के साथ मेरठ में शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गई थी। आरोप है कि चालक ने बस में उसके साथ छेड़छाड़ और जबरदस्ती की। इसके बाद से वह स्कूल में अकेले पाकर छात्रा को गंदे इशारे करता था। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा के पैर पकड़कर गला काटने की धमकी भी दी थी। खौफ और मानसिक तनाव के कारण छात्रा गहरे सदमे में चली गई थी, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।