May 2, 2024

आंदोलन में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि देने के लिए पैदल यात्रा निकालेंगे किसान

Chandigarh/Alive News: कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर साढ़े लगभग 11 महीने से दिल्ली की सीमाओं पर धरना दे रहे किसानों में अब तक करीब 665 किसानों की जान जा चुकी है। आंदोलन के इन शहीद किसानों को श्रद्धांजलि देने के लिए हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा ने अंबाला से दिल्ली तक पैदल यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा के सुझाव पर संयुक्त किसान मोर्चा ने सहमति दे दी है।

पैदल यात्रा 24 नवंबर को अंबाला की मोहड़ा मंडी से शुरू होगी और दिल्ली के इंडिया गेट पर पहुंचेगी। मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी यात्रा का प्रारूप तैयार करने में जुट गए हैं। कृषि कानूनों को रद्द करवाने की मांग व एमएसपी की गारंटी की मांग को लेकर 26 नवंबर, 2020 को किसानों ने दिल्ली की सीमाओं को सील कर वहीं पर डेरा डाल दिया था। कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर किसान आज भी सीमाओं पर बैठे हैं।

जानकारी के मुताबिक यात्रा 24 नवंबर को अंबाला की मोहड़ा मंडी से शुरू होगी। इस दौरान पंजाब व हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों से किसान पैदल यात्रा में जुटेंगे। यह यात्रा दिल्ली के इंडिया गेट पर जाकर खत्म होगी। वहीं पर शहीद किसानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।