March 14, 2026

मार्केट रेट पर मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Faridabad/Alive News: हरियाणा बिजली प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) द्वारा ग्रेटर फरीदाबाद और पृथला में 66 केवी के सब-स्टेशन बनाए जा रहे हैं। दोनों सब-स्टेशनों को जोड़ने के लिए हाईटेंशन लाइन बिछाने की योजना है, जिसके लिए किसानों के खेतों में टावर खड़े किए जाने प्रस्तावित हैं।

किसानों का कहना है कि टावर लगने के बाद टावर के नीचे वे न तो फसल उगा पाएंगे और न ही लाइन के नीचे किसी प्रकार का निर्माण कर सकेंगे। ऐसे में किसानों ने अपनी जमीन के लिए मार्केट रेट के अनुसार मुआवजा देने की मांग उठाई है।

इसी मांग को लेकर भारतीय किसान कामगार अधिकार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतेंद्र लोहचब के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सेक्टर-12 स्थित कार्यालय में उपायुक्त आयुष सिन्हा को ज्ञापन सौंपा। लोहचब ने बताया कि उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि जब तक किसानों को मार्केट रेट के अनुसार मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक खेतों में टावर खड़े करने का काम न कराया जाए।

किसानों ने बताया कि उनकी फसल पक चुकी है और जल्द ही मंडियों में आने वाली है। ऐसे में यदि पुलिस बल की मदद से खेतों में टावर खड़े करने का प्रयास किया गया तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। इस पर उपायुक्त ने किसानों की बात को उचित बताते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि 5 मार्च को एचवीपीएनएल के अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में टावर लगाने का काम शुरू करने की कोशिश की थी, लेकिन किसानों के विरोध के चलते पुलिस और अधिकारियों को वापस लौटना पड़ा।

ज्ञापन देने वालों में सूरजमल, सतीश नागर, नीता, महेंद्र, जसवीर, सुमेर, जिले और पारस सहित कई ग्रामीण प्रमुख रूप से मौजूद रहे।