September 16, 2026

फरीदाबाद में किसानों की बनेगी फार्मर आईडी, एक क्लिक में मिलेगी जमीन की पूरी जानकारी

DC Ayush sinha

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है। अब किसान एग्री स्टैक पोर्टल के जरिए एक क्लिक में अपनी जमीन से जुड़ी पूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके लिए किसानों को पोर्टल पर अपनी जमीन का रजिस्ट्रेशन कराना होगा, जिसके बाद उनकी फार्मर आईडी बनाई जाएगी। इस प्रक्रिया के लिए 22 दिसंबर से गांव-गांव में रजिस्ट्रेशन कैंप लगाए जाएंगे।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि इन कैंपों में किसानों की फार्मर आईडी बनाई जाएगी। आईडी में किसान की जमीन से जुड़ी सभी जानकारियां दर्ज की जाएंगी। एक बार आईडी बन जाने के बाद किसान उसी आईडी के जरिए अपनी पूरी जमीन का विवरण एक ही जगह देख सकेंगे। यह कैंप 22 दिसंबर से 24 दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे।

22 दिसंबर को इन गांवों में लगेंगे कैंप
22 दिसंबर को जिले के गांव मौजाबाद, बुढ़ैना, बल्लभगढ़ के प्रह्लादपुर माजरा डीग, बहबलपुर, तिगांव के फज्जूपुर माजरा नीमका, शिकारगाह, बुखारपुर, फज्जूपुर खादर, मोहना के साहपुरा, नेरावली, कबूलपुर बंगार, गौछी, धौज के अल्वापुर, कुरैशीपुर और बड़खल के खेड़ी गुजरान व नंगला गुजरान में कैंप लगाए जाएंगे। कैंप का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा।

23 दिसंबर को लगने वाले कैंप
23 दिसंबर को पलवली, बदरपुर सैद, बल्लभगढ़ के प्याला, सुनपेड, तिगांव के चिरसी, कावरा, दयालपुर के फफूंदा, इमामुद्दीनपुर, मोहना के भीक्का मोहम्मदपुर, गौछी के जकोपुर, धौज के आलमपुर, मांगर और बड़खल के पाखल व गाजीपुर गांवों में कैंप आयोजित होंगे।

24 दिसंबर को अंतिम दिन के कैंप
24 दिसंबर को अंतिम दिन गांव भूपानी, बड़ौली, बल्लभगढ़ के शाहपुर कला, जाजरू, तिगांव के कबूलपुर खादर पट्टी परवरिस, ताजपुर, दयालपुर के मछगर, मंझावली, मोहना के धुलेपुर, जवां, गौछी के फिरोजपुर कला, सरूरपुर, धौज के खोरी जमालपुर, जीएम बाद और बड़खल के भाकरी व बजर्ड में कैंप लगाए जाएंगे।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि फार्मर आईडी बनने से किसान सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से ले सकेंगे। इस आईडी से किसान की जमीन से जुड़ी पूरी जानकारी संबंधित विभागों को एक ही क्लिक में मिल जाएगी। इससे किसानों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने सभी किसानों से अपील की है कि वे अपने गांव में लगने वाले कैंप में पहुंचकर अपनी जमीन का रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं।