May 19, 2024

पशुपालन क्षेत्र में किसान वैज्ञानिक पद्धति को अपनाएं, बढ़ेंगे आय के स्तोत्र

Faridabad/Alive News : भारत सरकार के मत्स्य एवं पशुपालन व डेयरी विभाग के कैबिनेट मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने कहा कि महानगरों की आधुनिकता से भरी असंतुलित जीवन शैली को यदि पटरी पर लाना है, तो हमें प्रत्येक महानगर के बाहरी इलाके में काऊ हॉस्टल की स्थापना करनी होगी। केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला आज मंगलवार को फरीदाबाद के सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय हॉस्पिटल के ऑडिटोरियम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने गौ पालन के विषय पर बल देते हुए कहा कि इसके लिए किसानों को पुराने तरीकों को छोड़कर वैज्ञानिक पद्धति अपनाने की आवश्यकता है। केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने कहा कि गोवर्धन से आत्मनिर्भर बना भारत बनाने की संभावनाएं बढ़ रही है। गाय के दूध और गोबर के महत्व को जानने की कोशिश करें। यदि शरीर में इम्यूनिटी पावर बढ़ानी है तो गाय के दूध और गोमूत्र का प्रयोग करें।

केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने कहा कि ब्राज़ील की अर्थव्यवस्था गाय पर आधारित है। वहां गाय को जेबू कहते हैं। हमारी गिर नस्ल की गाय को वहां सर्वोपरि गाय माना गया है। ऋषि मुनियों की जानकारी के अनुसार भारत देश पहले गौ अर्थव्यवस्था पर निर्भर था।