March 29, 2024

किसान संगठनों ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट की जारी, समराला सीट से लड़ेंगे बलबीर सिंह

Chandigarh/Alive News: पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए विभिन्न किसान संगठनों द्वारा गठित राजनीतिक ‘संयुक्त समाज मोर्चा’ ने बुधवार को अपने 10 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में समराला विधानसभा सीट से किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल को उम्मीदवार घोषित किया गया है। राजेवाल संयुक्त समाज मोर्चा का नेतृत्व कर रहे हैं। पंजाब विधानसभा के लिए 14 फरवरी को चुनाव होगा।

जानकारी के मुताबिक किसान नेता प्रेम सिंह भंगू घनौर से, हरजिंदर सिंह टांडा खडूर साहिब से, रवनीत सिंह बरार मोहाली से और डॉ सुखमनदीप सिंह तरनतारन से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा, राजेश कुमार करतारपुर से, अजय कुमार फिल्लौर से, रमनदीप सिंह जैतों से, बलराज सिंह कादियान से और डॉ नवदीप सिंह मोगा विधानसभा सीट से मोर्चा के उम्मीदवार बनाए गए हैं। कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी के साथ किसी भी तरह के गठबंधन से इंकार करते हुए राजेवाल ने कहा था कि वे अपने उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा करेंगे।

तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में हिस्सा लेने वाले पंजाब के विभिन्न किसान संगठनों ने पिछले महीने अपना राजनीतिक मोर्चा शुरू किया था और राज्य विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। इन तीनों कृषि कानूनों को हाल में केंद्र सरकार ने वापस ले लिया। वहीं पंजाब में पहली बार बड़े भाई की भूमिका में विधान सभा चुनाव लड़ने जा रही बीजेपी राज्य की 117 सीटों में से लगभग 80 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। प्रदेश की बाकी बची हुई सीटों पर भाजपा के गठबंधन सहयोगी अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींढसा की पार्टी शिरोमणि अकाली दल चुनाव लड़ेगी।