June 6, 2026

फरीदाबाद के योग शिक्षक श्याम कुमार बने राष्ट्रीय निर्णायक, जिले में खुशी का माहौल

Faridabad/Alive News: योग शिक्षक श्याम कुमार ने योगासन खेल में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय निर्णायक (नेशनल जज) का दर्जा प्राप्त किया है। उन्होंने 8 से 13 फरवरी 2026 तक कुरुक्षेत्र में आयोजित छठे राष्ट्रीय योगासन निर्णायक प्रशिक्षण कार्यक्रम 2025-26 को सफलतापूर्वक पूरा किया।

यह प्रशिक्षण गीता ज्ञान संस्थान में आयोजित किया गया, जिसे योगासन भारत के तत्वावधान में विश्व योगासन के नियमों के अनुसार संचालित किया गया। देशभर से चयनित प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान योगासन खेल के तकनीकी नियम, अंक देने की प्रणाली, निर्णायक की भूमिका और प्रतियोगिताओं के संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर राज्य स्तरीय सूर्य नमस्कार अभियान का भी विधिवत समापन हुआ। इस मौके पर योग गुरु स्वामी रामदेव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष एवं योगासन भारत के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। हरियाणा स्पोर्ट्स योगासन एसोसिएशन के पदाधिकारी भी इस अवसर पर शामिल हुए।

श्याम कुमार की इस सफलता से फरीदाबाद और पूरे हरियाणा में खुशी का माहौल है। उनके राष्ट्रीय निर्णायक बनने से जिले के खिलाड़ियों को उच्च स्तर का मार्गदर्शन मिलेगा और योगासन खेल को बढ़ावा मिलेगा।

जिले में लौटने पर फरीदाबाद योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और इसे जिले के लिए गर्व की बात बताया।

श्याम कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, आयोजकों और सहयोगियों को देते हुए कहा कि वे आगे भी योगासन खेल के विकास और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।