June 28, 2026

फरीदाबाद: विश्व साइकिल दिवस पर ‘Sundays on Cycle’ रैली का आयोजन, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने दिखाई हरी झंडी

फरीदाबाद में विश्व साइकिल दिवस पर साइकिल रैली को हरी झंडी दिखातीं महापौर प्रवीण बत्रा जोशी।

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट एवं विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में सेक्टर-12 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक शानदार साइकिल रैली का आयोजन किया गया। “Sundays on Cycle” थीम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं फरीदाबाद की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस रैली में शहर के युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

इस गरिमामयी अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति साइक्लिंग के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “साइक्लिंग केवल एक खेल या सामान्य व्यायाम नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छ पर्यावरण और विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है। नियमित रूप से साइकिल चलाने से जहां व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह फिट रहता है, वहीं यह पर्यावरण में प्रदूषण को कम करने और प्रकृति के संरक्षण में भी हमारा सबसे बड़ा व्यक्तिगत योगदान है।”

इसी विजन को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार और नगर निगम फरीदाबाद स्थानीय नागरिकों को फिट एवं स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार धरातल पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं का विशेष आह्वान करते हुए कहा कि यदि हर नागरिक दैनिक जीवन में साइक्लिंग और योग को अपनाए, तो एक स्वस्थ समाज के निर्माण को और गति मिलेगी।

इस साइकिल रैली को लेकर फरीदाबाद वासियों में गजब का उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में बहुत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों, विभिन्न आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवा क्लबों, खेल प्रेमियों और साइक्लिंग के शौकीनों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर फिट इंडिया अभियान के इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का दृढ़ संकल्प लिया।

इस दौरान नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर परमजीत चहल, कार्यकारी अभियंता डालचंद शर्मा, वरिष्ठ पार्षद मनोज नासवा, पार्षद कुलदीप साहनी, पार्षद जसवंत सिंह, करण सिंगला, हिमांशु जोशी, नितिन सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी, कर्मचारी और शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।