Faridabad/Alive News:स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, हरियाणा की राज्य स्तरीय टास्क फोर्स के उपाध्यक्ष रविन्द्र जागलान ने बल्लभगढ़ खंड कार्यालय में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सभी ग्राम पंचायतों में ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए युवाओं को भी अभियान से जोड़ा जाए। पंचायती राज विभाग तालाबों के पानी के पुनः उपयोग के मॉडल तैयार करे और मत्स्य विभाग पंचायतों को मछली पालन के लिए प्रोत्साहित करे, ताकि उनकी आय बढ़ सके।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल वेस्ट का उचित निपटान और रिकॉर्ड रखने, कृषि विभाग को जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालय और उनके रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बल्लभगढ़, फरीदाबाद और तिगांव के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

