October 2, 2026

फरीदाबाद में वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

फरीदाबाद में वाहन चोरी के आरोपी सोनू की गिरफ्तारी और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

Faridabad/Alive News: वाहन चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने थाना सेक्टर-8 क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-75 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी सेक्टर-3 में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि वह 29 सितंबर को सेक्टर-3 की सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने गया था। वापस लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी।

शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए सोनू निवासी आदर्श नगर, बल्लभगढ़, फरीदाबाद को बाईपास रोड, सेक्टर-8 क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोनू के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जांच में सामने आया कि उसके खिलाफ पहले भी चोरी का एक मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।