Faridabad/Alive News: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित भारतीय सांख्यिकी सेवा और भारतीय आर्थिक सेवा परीक्षा-2026 के सफल आयोजन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीसी ने कहा कि परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से निभाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और परीक्षा की गोपनीयता बनी रहे।
उन्होंने बताया कि 19 से 21 जून तक जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर यूपीएससी की परीक्षाएं आयोजित होंगी। वहीं 21 जून को जिले के 19 केंद्रों पर नीट यूजी 2026 परीक्षा भी होगी। ऐसे में सभी परीक्षाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एडीसी ने अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने, प्रवेश द्वारों पर शेड और टेंट लगाने, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा जनरेटर बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर जवाबदेही तय करने की बात भी कही।
बैठक में सीटीएम कुमार, सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा, जिला अधिकारी अंशु सिंगला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

