ट्राईडेंट इंटरनेशनल के खाते में आए थे ठगी के 2 लाख रुपये, खाते के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 84 शिकायतें दर्ज; मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार
Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक व्यक्ति से 1 करोड़ 8 लाख 10 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना NIT की टीम ने साउथ दिल्ली निवासी शाहवेज को गिरफ्तार किया है। आरोपी की फर्म ट्राईडेंट इंटरनेशनल के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस के अनुसार, इस बैंक खाते के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 84 अन्य शिकायतें भी दर्ज हैं। इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-21 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके व्हाट्सएप पर एक संदेश आया था। संदेश भेजने वाले ने खुद को एसबीआई सिक्योरिटीज का कर्मचारी बताया और उसे एक लिंक भेजकर कथित तौर पर एसबीआई सिक्योरिटीज का एडवांस ब्रोकर अकाउंट खुलवाया। इसके बाद शिकायतकर्ता को जे5-एसबीआई सिक्योरिटीज नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया।
शेयर मार्केट में निवेश के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर आरोपियों ने शिकायतकर्ता से सितंबर 2025 से नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1,08,10,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में न तो उसे निवेश की रकम वापस मिली और न ही कोई मुनाफा दिया गया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शाहवेज ट्राईडेंट इंटरनेशनल नाम की फर्म का खाताधारक है। इस फर्म के बैंक खाते में ठगी के 2 लाख रुपये आए थे। पुलिस के अनुसार, इस खाते के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में 84 अन्य शिकायतें भी दर्ज हैं। आरोपी का अपना सैलून है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

