Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 9.66 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव हसनपुर, बागपत, उत्तर प्रदेश निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-43 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 8 अक्टूबर 2025 को उसे एक विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आई थी। कॉल करने वाली महिला ने खुद को Mew Wealth Private Limited का सहायक बताया और शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा दिया।
इसके बाद शिकायतकर्ता से अक्टूबर 2025 के दौरान अलग-अलग UPI आईडी और बैंक खातों में कुल 9 लाख 66 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी सूरज कुमार साइबर ठगी में शामिल नितिन और कंचन के लिए बैंक खाते खुलवाकर उपलब्ध कराता था। पुलिस के मुताबिक, सूरज ने खाताधारक राहुल और वैद्यचंद का संयुक्त बैंक खाता खुलवाकर नितिन और कंचन को उपलब्ध कराया था।
इस मामले में नितिन, कंचन, राहुल और वैद्यचंद को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी सूरज कुमार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

