March 7, 2026

फरीदाबाद डकैती मामले का फरार सजायाबी 22 साल बाद गिरफ्तार, बिहार से दबोचा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती और आर्म्स एक्ट के एक मामले में 22 साल से फरार चल रहे सजायाबी आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने आरोपी को बिहार से पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

पुलिस के अनुसार, जनवरी 2001 में सेक्टर-17 निवासी अशोक मंगला ने शिकायत दी थी कि 7–8 बदमाश उनके घर में घुस आए थे। बदमाशों ने चाकू के बल पर परिवार को बंधक बनाया और नकदी व सोने-चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए। इस मामले में थाना सेंट्रल में केस दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान आरोपी की पहचान हीरा कुमार राउत, निवासी जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई। वर्ष 2003 में फरीदाबाद की जिला अदालत ने उसे 10 साल की सजा सुनाई थी। बाद में उसे हाईकोर्ट से जमानत मिली, लेकिन जमानत के बाद वह फरार हो गया। अदालत ने उसकी दोबारा गिरफ्तारी के वारंट जारी किए थे।

आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई। क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर 27 फरवरी को आरोपी को सहरसा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने सहरसा अदालत से ट्रांजिट रिमांड लिया है। अब आरोपी को फरीदाबाद की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।