Faridabad/Alive News: शहर में महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार काम कर रही है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर महिला थाना की ईआरवी टीम और दुर्गा शक्ति टीम रात के समय गश्त कर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार फरवरी महीने में पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए 30 महिलाओं को रात के समय सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया। ये महिलाएं ऐसी थीं जिन्हें देर रात अपने घर जाने के लिए कोई साधन नहीं मिल पा रहा था।
फरीदाबाद पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने महिला थाना की ईआरवी और दुर्गा शक्ति टीम को निर्देश दिए हैं कि वे रात के समय अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता के साथ गश्त करें और जरूरतमंद महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित घर तक पहुंचाने में मदद करें।
पुलिस ने यह भी अपील की है कि अगर किसी महिला को रात के समय कोई वाहन या पब्लिक ट्रांसपोर्ट नहीं मिल रहा हो और वह असुरक्षित महसूस कर रही हो, तो वह फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 या 0129-2227200 पर संपर्क कर सकती है। सूचना मिलने पर नजदीकी दुर्गा शक्ति, पीसीआर या ईआरवी टीम मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित उसके घर तक छोड़ने में मदद करेगी।
महिला सुरक्षा के लिए फरीदाबाद पुलिस की पहल, फरवरी में 30 महिलाओं को रात में सुरक्षित घर पहुंचाया

