Faridabad/Alive News: दीपावली और गोवर्धन पूजा के त्योहारों को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता (आईपीएस) के निर्देशों पर शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है।
चेन स्नैचिंग, जेबतराशी व वाहन चोरी जैसी वारदातों को रोकने के लिए वर्दीधारी जवानों के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष गश्त और नाकाबंदी की गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए थाना खेड़ीपुल, सेंट्रल, सारन, एनआईटी और शहर बल्लभगढ़ में फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
पुलिस आयुक्त ने नागरिकों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल 112 पर देने की अपील की है।

