Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी को लेकर 25 जनवरी की सुबह से ही जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष कांबिंग और सर्चिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने लोगों, वाहनों और संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की। सुरक्षा के मद्देनजर मेट्रो स्टेशन की पार्किंग, बस स्टैंड, होटल, धर्मशाला, किरायेदारों के मकान और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चेकिंग की गई।
पुलिस ने होटल और धर्मशालाओं में ठहरे लोगों का सत्यापन किया और किरायेदारों के दस्तावेज भी जांचे। मेट्रो स्टेशन और बस स्टैंड जैसे संवेदनशील स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर खास नजर रखी गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 पर दें।
फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है और आगे भी इस तरह के जांच अभियान जारी रहेंगे, ताकि लोग बिना डर के राष्ट्रीय पर्व को शांति और उत्साह के साथ मना सकें।

