Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह में 32 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 5,06,199 रुपये बरामद किए, 294 शिकायतों का समाधान कर 6,94,505 रुपये पीड़ितों को लौटाए, और 12,94,085 रुपये खातों में फ्रीज कराए।
पुलिस उपायुक्त साइबर अभिषेक जोरवाल के नेतृत्व में 13 से 19 सितम्बर के बीच साइबर थानों की टीमों ने 11 मामलों का निस्तारण करते हुए यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों में पूनम देवी, साजिद अली, राहुल राज, आरिफ खान, समीर अंसारी, शैलेन्द्र शर्मा, सजिम अख्तर, मोहम्मद अजहर, पवन कुमार, बंटी सागर, दीपक प्रधान, मनोज कुमार, राजवीर सिंह, संदीप सिंह, ओमप्रकाश, मोहम्मद अकबर, राज बहादुर, अनुज, प्रकाश चौधरी, ऋतिक मीणा, भारत वर्मा, मनीष बंसल, गुरप्रीत, मलकीत सिंह, कादर खान, अमोद सैन, मनोज सिंह, शरद संत ओझा, कमलजीत सिंह, दीपांशु गुर्जर, प्रदीप मीणा, राजू कुमार चौधरी और मुन्ना सिंह शामिल हैं।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि ज्यादातर लोग लालच, डर या जागरूकता की कमी के कारण साइबर ठगी का शिकार बनते हैं। अपराधी निवेश पर अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर पहले भरोसा जीतते हैं और फिर पीड़ित की पूरी रकम हड़प लेते हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

