Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और प्रभावी कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए चलाए जा रहे ‘साइबर हीरो ऑफ द वीक’ अभियान के तहत इस सप्ताह विशेष सम्मान दिया गया। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने उत्कृष्ट कार्य करने पर थाना साइबर क्राइम एनआईटी टीम के उपनिरीक्षक भूपेंद्र, उपनिरीक्षक राजेश और सिपाही विकास को सम्मानित किया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, साइबर थाना एनआईटी की इस टीम ने वर्ष 2026 के चार अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्थान, नोएडा, पंजाब, दिल्ली और फरीदाबाद से कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में फोन हैकिंग, फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड कराकर ठगी और क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर की गई धोखाधड़ी शामिल है।
डीसीपी मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता और टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान से बल के अन्य जवानों को भी अपराध के खिलाफ और अधिक मुस्तैदी से काम करने की प्रेरणा मिलती है।

