March 10, 2026

फरीदाबाद पुलिस के सिपाही प्रियांशु बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, पुलिस आयुक्त ने दी बधाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के सिपाही प्रियांशु (23) ने मेहनत और लगन के बल पर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर पूरे पुलिस विभाग और हरियाणा का नाम रोशन किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रियांशु ने यूपीएससी की सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया 13वां रैंक हासिल किया है। इस सफलता के बाद उनका चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर हुआ है। 

प्रियांशु वर्ष 2024 में हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर चयनित हुए थे और प्रशिक्षण पर थे। लेकिन उनका सपना सेना में जाने का था, जिसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत जारी रखी। प्रियांशु ने बी.ए. की पढ़ाई की है। उनके पिता सोनीपत में लेबर इंस्पेक्टर हैं और माता गृहिणी हैं।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने प्रियांशु को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह हरियाणा पुलिस के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रियांशु जैसे युवा पुलिसकर्मी दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जिन्होंने यह साबित किया है कि मेहनत और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।