Faridabad/Alive News: साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से 2 लाख 27 हजार 87 रुपये निकाल लिए। इस मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी दानिश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, तिगांव निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 18 जुलाई 2026 को उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया और अपने आप चलने लगा। कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसके बैंक खाते से 2,27,087 रुपये निकल चुके हैं। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दानिश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के पास ठगी की रकम जिस बैंक खाते में आई थी, उसका एक्सेस था। वह खाते में आने वाले ठगी के पैसे एटीएम से निकालकर आगे किसी अन्य व्यक्ति को सौंप देता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आठवीं पास है और गाजियाबाद में पनीर की दुकान चलाता है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

