July 31, 2026

पे-आउट सर्विस के नाम पर 8.50 लाख की साइबर ठगी, मास्टरमाइंड और खाताधारक बिहार से गिरफ्तार

पे-आउट सर्विस के नाम पर 8.50 लाख की साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी।

Faridabad/Alive News: पे-आउट सर्विस दिलाने के नाम पर 8.50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के औरंगाबाद जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि मामले का मुख्य आरोपी गौरव है, जिसने खुद को पे-आउट सर्विस प्रदाता बताकर शिकायतकर्ता से संपर्क किया था। दूसरा आरोपी अभिषेक वह खाताधारक है, जिसके बैंक खाते में ठगी की पूरी राशि यानी 8.50 लाख रुपये आई थी।

जांच में यह भी पता चला कि दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। अभिषेक ने अपना बैंक खाता गौरव को इस्तेमाल करने के लिए दिया था और खाते का संचालन भी गौरव ही कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी गौरव MBA पास है और पहले गुरुग्राम की एक कंपनी में पे-आउट सर्विस से जुड़ा काम कर चुका है। वहीं, दूसरा आरोपी अभिषेक ITI पास है।

ऐसे हुई ठगी

सेक्टर-62 निवासी एक कारोबारी, जो सेक्टर-64 में कोल्ड ड्रिंक की थोक फर्म चलाते हैं, ने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2025 में इंस्टाग्राम पर पे-आउट सर्विस का विज्ञापन देखने के बाद उन्होंने संपर्क किया। इसके बाद व्हाट्सएप पर बातचीत के दौरान खुद को गौरव कुमार बताने वाले व्यक्ति ने पे-आउट सर्विस उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

आरोपी ने नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए शिकायतकर्ता से कुल 8.50 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद न तो कोई सर्विस दी गई और न ही पैसे लौटाए गए।

शिकायत मिलने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को बिहार के औरंगाबाद से गिरफ्तार कर लिया।