November 25, 2026

मोबाइल पर संदिग्ध लिंक क्लिक करते ही फोन हुआ हैक, खाते से 31 हजार रुपये उड़ाए; खाता उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर थाना NIT द्वारा मोबाइल लिंक से 31 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी।

साइबर थाना एनआईटी की कार्रवाई, आरोपी ने अपने भाई का बैंक खाता ठगों को दिया था; गाजियाबाद निवासी आरोपी 12वीं पास और बेरोजगार

Faridabad/Alive News: मोबाइल फोन पर आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने उसका फोन हैक कर बैंक खाते से 31 हजार रुपये निकाल लिए। इस मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने ठगी में इस्तेमाल बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निक्की त्यागी निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-58 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि 24 अक्टूबर 2026 को उसके मोबाइल फोन पर एक लिंक आया था। जैसे ही उसने लिंक पर क्लिक किया, उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और बैंक खाते से 31 हजार रुपये कट गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी निक्की त्यागी ने अपने भाई का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। इसी खाते में पीड़ित से ठगी किए गए 31 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी 12वीं पास है और बेरोजगार है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी की रकम के लेन-देन और साइबर अपराध में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।