October 2, 2026

फरीदाबाद में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप के 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे

फरीदाबाद में नाबालिग छात्रा गैंगरेप मामले में पुलिस कार्रवाई

Faridabad/Alive News: जिले के बीपीटीपी थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली किशोरी ट्यूशन के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान वह अपने एक दोस्त से मिलने चली गई। आरोप है कि दोनों के एक खंडहर इमारत में पहुंचने के बाद छह युवक वहां पहुंच गए। शिकायत के मुताबिक, युवकों ने दोनों को डराया-धमकाया और किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी के दोस्त के साथ भी अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप है।

किशोरी की उम्र 13 वर्ष और उसके दोस्त की उम्र 16 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल जांच के आधार पर मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना करीब एक महीने पहले हुई थी। वारदात के बाद दोनों बच्चे डर के कारण अपने परिवार को इसकी जानकारी नहीं दे पाए। बाद में किशोरी के मानसिक रूप से परेशान रहने पर उसकी मां ने उससे बातचीत की, जिसके बाद उसने घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने 29 सितंबर को शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुनाल, दीपक और यश के रूप में हुई है। बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, तीनों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।