Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के पल्ला सेहतपुर रोड पर आज नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) की ओर से बड़े स्तर पर तोड़फोड़ अभियान चलाया गया। यह अभियान रोड चौड़ीकरण परियोजना के तहत सड़क किनारे बने दुकानों और मकानों पर बुलडोजर चलाए गए। हालांकि ग्रामीणों ने इसका विरोध भी किया। लेकिन मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहने की वजह से तोडफोड की कार्रवाई जारी रही और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़क को दोनों ओर से बंद कर आवागमन को भी रोक गया।
प्रशासन की टीम सुबह से ही मौके पर पहुंच गई थी और देखते ही देखते एक के बाद एक 22 बुलडोजर कार्रवाई में लगा दिए गए। सरपंच मार्केट सेहतपुर के आसपास बनी कई दुकानों को ध्वस्त किया गया। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे 66 फुट तक की जमीन सरकारी है और इस सीमा के भीतर किए गए निर्माणों को हटाया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया। प्रशासन के पहुंचने पर पटवारी को बुलाकर जमीन की नापतोल कराई गई और सरकारी सीमा चिन्हित की गई। इसके बाद बुलडोजर चलाना शुरू किया गया। कई दुकानदारों का कहना है कि उन्हें सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। एक हार्डवेयर और पेंट की दुकान पर बुलडोजर चलते समय अंदर रखा सामान भी मलबे में दब गया।
मौके पर पल्ला थाना पुलिस सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई। पुलिस लगातार भीड़ को पीछे हटाने में जुटी रही ताकि तोड़फोड़ की कार्रवाई में कोई बाधा न आए। जैसे ही लोग बुलडोजर के पास पहुंचने की कोशिश करते, पुलिस उन्हें तुरंत हटाती नजर आई।
कार्रवाई के दौरान बिजली के खंभों और 11000 वोल्ट की लाइन को लेकर भी चिंता की स्थिति बनी रही। कुछ स्थानों पर तारें झूलती नजर आईं, जिसके चलते प्रशासन को सतर्कता बरतनी पड़ी। सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए कार्रवाई धीमी भी की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पल्ला सेहतपुर रोड लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहा था। सुबह और शाम के समय यहां भारी ट्रैफिक जाम लग जाता है। इसके अलावा सीवर लाइन जाम रहने और बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव की समस्या भी गंभीर रही है। प्रशासन का तर्क है कि रोड चौड़ीकरण के बाद जाम से राहत मिलेगी और यातायात सुचारु होगा।
इस अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक दुकानों को ध्वस्त किया जा चुका है और कार्रवाई लगातार जारी है। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित होकर कार्रवाई को देख रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों और नगर निगम की टीम की मौजूदगी में यह पूरी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पल्ला सेहतपुर रोड पर तोड़फोड़ अभियान जारी है और प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण कार्य को निर्धारित सीमा तक पूरा किया जाएगा।

