Faridabad/Alive News: शहर में अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना आदर्श नगर क्षेत्र में आपसी कहासुनी को लेकर एक व्यक्ति पर कैंची से जानलेवा हमला करने के मामले में क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अमन खान निवासी आदर्श नगर, बल्लभगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सुभाष कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी शकील ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 नवंबर 2026 को उसे फोन के माध्यम से सूचना मिली कि उसके भाई मुस्ताक पर रोहित और उसके अन्य साथियों ने कैंची से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की तफ्तीश करते हुए क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने आरोपी अमन खान को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पीड़ित मुस्ताक और आरोपी के भतीजे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में आरोपी ने पीड़ित पर कैंची से वार कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

