Faridabad/Alive News: कांवड़ लेने हरिद्वार गए फरीदाबाद के तीन दोस्तों की बाइक को शुक्रवार सुबह उत्तराखंड रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान फरीदाबाद की गांधी कॉलोनी निवासी मनीष (23) के रूप में हुई है। घायल युवकों की पहचान कमल और मयंक के रूप में हुई है। दोनों भी गांधी कॉलोनी के रहने वाले हैं।
घाट की ओर जा रहे थे तीनों दोस्त
हरिद्वार पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार आए थे। शुक्रवार सुबह तीनों बाइक से घाट की तरफ जा रहे थे।
इसी दौरान श्यामपुर थाना क्षेत्र में हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर कांगड़ी फ्लाईओवर के पास उनकी बाइक को उत्तराखंड रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी।
मनीष की मौके पर मौत, दो दोस्त गंभीर
हादसा इतना भीषण था कि मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कमल और मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
कांवड़ यात्रा के चलते हाईवे पर बढ़ा ट्रैफिक
डाक कांवड़ के कारण हरिद्वार और आसपास के हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाइक और अन्य वाहनों से हरिद्वार पहुंच रहे हैं।
हाईवे पर बढ़े ट्रैफिक और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की जा रही है।

