August 22, 2026

फरीदाबाद में अवैध पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में दोस्त को हथियार देने का खुलासा

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच द्वारा बरामद अवैध देसी पिस्टल

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने अवैध हथियार रखने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से अवैध देसी पिस्टल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, पिस्टल हवाबाजी के लिए दोस्त से ली गई थी। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 21 अगस्त को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर सेक्टर-30 क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राशिद निवासी गांव धौज, फरीदाबाद को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी पिस्टल बरामद हुई।

पुलिस ने हथियार कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-31 में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ में राशिद ने बताया कि उसने यह पिस्टल अपने दोस्त आरिस निवासी घासेड़ा, नूंह से हवाबाजी के लिए ली थी।

राशिद से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरिस की तलाश शुरू की और उसे नूंह से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरिस ने पुलिस को बताया कि उसने करीब तीन महीने पहले हथीन क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति से यह पिस्टल 30 हजार रुपये में खरीदी थी।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में पुलिस अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त और हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भी जांच कर रही है।