August 22, 2026

फरीदाबाद में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 49 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद; महाराष्ट्र के 2 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस द्वारा बरामद 49 बोतल अंग्रेजी शराब

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी बस स्टैंड बल्लभगढ़ की टीम ने उनके कब्जे से 49 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के ठाणे जिले के रहने वाले हैं और शराब को दूसरे राज्य में बेचने के लिए ले जाने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 21 अगस्त को पुलिस टीम को अवैध शराब के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने रेलवे रोड, बल्लभगढ़ के पास कार्रवाई करते हुए सुनील निवासी मारीशा को-ऑपरेटिव सोसाइटी, जिला ठाणे, महाराष्ट्र और महेश निवासी ओमकार रेजीडेंसी, जिला ठाणे, महाराष्ट्र को काबू किया।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से 49 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी किसी काम के सिलसिले में फरीदाबाद आए थे। उन्होंने यहां कम कीमत पर अंग्रेजी शराब खरीदकर महाराष्ट्र में अधिक कीमत पर बेचने की योजना बनाई थी।

पुलिस के मुताबिक, दोनों फरीदाबाद से शराब खरीदने के बाद ट्रेन के जरिए महाराष्ट्र जाने की तैयारी में थे। इससे पहले ही पुलिस टीम ने उन्हें शराब सहित पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और दूसरे राज्यों में शराब के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।