Faridabad/Alive News: रेलवे पुलिस फरीदाबाद ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चेकिंग के दौरान 30 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में 26 वर्षीय युवक सुखदीप और एक नाबालिग को पकड़ा है। दोनों पंजाब के भटिंडा के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जीआरपी के एसआई धनीराम और उनकी टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दोनों को दो कट्टों में रखे 30 किलो डोडा पोस्त के साथ पकड़ा गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों यह नशीला पदार्थ राजस्थान के कोटा से लेकर पंजाब के भटिंडा जा रहे थे।
मामले में अभियोग दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई महिला एएसआई सुदेश कुमारी द्वारा की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेलवे पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें और अपराध मुक्त समाज बनाने में सहयोग दें।

