Faridabad/Alive News: अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब फरीदाबाद में भी दिखाई देने लगा है। जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के नियम में बदलाव किया गया है। अब उपभोक्ता नया सिलेंडर 21 दिन की बजाय 25 दिन बाद ही बुक कर सकेंगे।
गैस एजेंसियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए लोगों में गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी कारण एडवांस बुकिंग अचानक बढ़ गई है।
पहले एक गैस एजेंसी पर रोजाना लगभग 500 सिलेंडरों की बुकिंग होती थी, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर करीब 800 तक पहुंच गई है। बढ़ती मांग को देखते हुए एजेंसियों ने बुकिंग के बीच का समय 4 दिन बढ़ा दिया है।
फरीदाबाद में करीब 7.5 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जबकि 50 हजार से ज्यादा कॉमर्शियल गैस उपभोक्ता बताए जा रहे हैं।
इस बीच घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। हाल ही में सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि की गई है। पहले जो सिलेंडर 855 रुपये में मिल रहा था, अब उसकी कीमत 915 रुपये हो गई है। हालांकि कीमत बढ़ने के बाद भी सिलेंडर की बुकिंग कम नहीं हुई है।
फूड एंड सप्लाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और घरेलू व कॉमर्शियल दोनों तरह की सप्लाई जारी है। केवल बुकिंग के बीच का समय 4 दिन बढ़ाया गया है ताकि सप्लाई व्यवस्था संतुलित बनी रहे।

