November 13, 2026

बुजुर्ग की मौत के मामले क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की सुभाष कॉलोनी में दो पड़ोसियों के बीच हुए खूनी संघर्ष में घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे मुख्य आरोपी आकाश निवासी आदर्श नगर, बल्लभगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है।​

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सुभाष कॉलोनी निवासी करन ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 अक्टूबर 2026 की रात आकाश, हरेंद्र और आकाश की पत्नी ने उनके परिवार पर ईंटों से हमला कर दिया। इस झगड़े के दौरान आरोपी आकाश ने करन के पिता रामनारायण (65) को जोरदार लात मारी, जिससे वे संतुलन खोकर गिर पड़े और उनका सिर दीवार से जा टकराया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 27 अक्टूबर को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों परिवार एक ही मकान में रहते हैं और किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हुई थी। वारदात के बाद से आरोपी फरार था। 12 नवंबर को क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।