October 3, 2024

दसवीं बोर्ड परीक्षा में फरीदाबाद जिला प्रदेश में रहा 21वें स्थान पर, जिला टॉपर रही स्वीटी कुमारी

Faridabad/Alive News: हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार की शाम दसवीं बोर्ड का रिजल्ट जारी किया। जिसमें जिले की एक बेटी स्वीटी कुमारी अपनी मेहनत के दम पर न केवल जिला टॉपर बनी, बल्कि प्रदेश में तीसरे स्थान पर भी रही है। वहीं, दूसरी ओर लड़कों ने भी दसवीं की परीक्षा में अपना दमखम दिखाया और जिले में दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिले में पहले एवं प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहने वाली बल्लभगढ़ त्रिखा कॉलोनी न्यू हेवन मॉडल स्कूल की छात्रा स्वीटी कुमारी है। स्वीटी ने 500 में से 496 अंक हासिल किये है। इसके अलावा डबुआ कालोनी शांति विद्या मंदिर स्कूल के छात्र गौरव सिंगल ने 494 अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान और न्यू हैवन मॉडल स्कूल के ही छात्र प्रशांत ने 492 अंक हासिल कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

बता दें, कि फरीदाबाद जिले से करीब बीस हजार से अधिक बच्चों ने दसवीं की बोर्ड की परीक्षा दी, जिसमें दस हजार से अधिक लड़के और दस हजार से अधिक लड़कियों ने परीक्षा दी थी। इस बार बोर्ड परीक्षा में जिले में पास विद्यार्थियों का आंकड़ा काफी कम रहा। बीस हजार से अधिक परीक्षार्थियों में तीन हजार से अधिक विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट रही और छह हजार से अधिक विद्यार्थी फेल रहे। जिले में पास विद्यार्थियों का 52.17 प्रतिशत रहा है। इस बार फरीदाबाद जिले का प्रदेश में 21वां स्थान रहा है।

जिले में शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रम चलाने के बाद भी जिला इस बार दसवीं रिजल्ट में फिसड्डी रहा है। हालांकि फरीदाबाद जिले की एक बेटी ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर नाम रोशन किया है।

रेवाड़ी पहले तो नूंह अंतिम स्थान पर रहा

दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में रेवाड़ी पहले और नूंह अंतिम स्थान पर रहा है। पिछले साल सोनीपत पहले और पंचकूला अंतिम स्थान पर बना रहा था। पिछले साल के मुकाबले जिला वार रैंकिंग में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले साल के मुकाबले तुलनात्मक रैंकिंग

जिला- 2023- 2022
1. रेवाड़ी- 78.68- 82.92
2. चरखी दादरी- 77.61- 84.12
3. महेंद्रगढ़- 77.55- 84.38
4. पानीपत- 74.30- 82.92
5. जींद- 73.52- 77.88
6. यमुनानगर- 73.09- 78.70
7. फतेहाबाद- 72.40- 69.75
8. झज्जर- 71.60- 81.56
9. हिसार- 68.89- 73.57
10. सिरसा- 65.63- 65.65
11. सोनीपत- 65.61- 85.06
12. कैथल- 65.46- 69.03
13. गुरुग्राम- 64.92- 74.43
14. भिवानी- 64.47- 74.05
15. करनाल- 64.29- 67.48
16. कुरुक्षेत्र- 61.07- 61.06
17. अंबाला- 58.62- 58.36
18. पलवल- 58.15- 74.78
19. रोहतक- 56.65- 77.92
20. पंचकूला- 54.31- 55.24
21. फरीदाबाद- 52.17- 68.92
22. नूंह- 51.68- 57.73