October 23, 2026

फरीदाबाद: महिला का फोन हैक कर 1,26,701 रुपये की ठगी, खाता उपलब्ध करवाने वाला आरोपी गिरफ्तार


​Faridabad/Alive News: सेक्टर-8 की रहने वाली एक महिला का फोन हैक करके 1,26,701 रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुखचेन के रूप में हुई है, जो उत्तराखंड के उधमसिंह नगर का रहने वाला है।

​पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-08 निवासी महिला ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत 5 अक्टूबर को उनका फोन अचानक हैक हो गया था। इसके बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,26,701 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। महिला की शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

​पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सुखचेन ने इस साइबर ठगी की वारदात के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध करवाया था। उसने संदीप नामक व्यक्ति के खाते का एक्सेस आगे साइबर ठगों को ट्रांसफर किया था, जिसमें ठगी के 28,000 रुपये ट्रांसफर किए गए थे। आरोपी 12वीं पास है और मजदूरी का काम करता है।

पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की गहन छानबीन शुरू कर दी है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी पहुंचा जा सके।