Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अवैध हथियार विरोधी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम को एक बड़ी सफलता मिली है।
टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-59 जाजरु कट के पास से एक युवक को अवैध देसी कट्टे के साथ धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैली गांव निवासी चिंटू के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह देसी कट्टा अपने ही गांव में किराए पर रहने वाले एक व्यक्ति से 3 हजार रुपये में सिर्फ हवाबाजी (रौब गालिब करने) के लिए खरीदा था।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

