इंडसइंड बैंक का प्रतिनिधि बनकर किया था फोन, व्हॉट्सऐप पर भेजा फर्जी लिंक
Faridabad/Alive News: क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम कराने का झांसा देकर 49,656 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली के द्वारका निवासी चंदन ठाकुर के रूप में हुई है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-55 की सुभाष कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 14 नवंबर 2026 को उसके पास एक फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को इंडसइंड बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड पर 6,500 रिवॉर्ड पॉइंट हैं, जिन्हें रिडीम किया जा सकता है।
इसके बाद ठग ने व्हॉट्सऐप पर एक लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरने को कहा। शिकायतकर्ता ने लिंक पर अपनी कार्ड डिटेल भर दी, जिसके बाद उसके खाते से 49,656 रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम चंदन ठाकुर के बैंक खाते में आई थी। आरोपी ने अपना बैंक खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। वह दसवीं पास है और नाई का काम करता है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

