गरीब और जरूरतमंद लोगों को मिलेगा रोजगार और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ
Faridabad/Alive News: फरीदाबाद को दीनदयाल जन आजीविका योजना-शहरी (डी-जे-एस) के तहत पायलट सिटी के रूप में चुना गया है। यह योजना शहर के गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शुरू की गई है।
नगर निगम आयुक्त श्री धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि इस योजना को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल की पहल पर भारत सरकार से मंजूरी मिली है। इस योजना का पायलट प्रोजेक्ट अब फरीदाबाद में शुरू कर दिया गया है।
इस योजना को सफल बनाने के लिए नगर परियोजना अधिकारी द्वारका प्रसाद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके तहत कार्य किए जाएंगे गरीब परिवारों का सोशल प्रोफाइल तैयार करना, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) और सामूहिक हित समूह (सीआईजी) बनाना, ऋण वितरण और व्यवसाय के लिए मदद देना, शहर में श्रमिक चौक, डे केयर सेंटर, देखभाल क्लस्टर जैसी सामाजिक संरचनाएं तैयार करना, गिग वर्कर्स के लिए आराम स्थल बनाना इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को उद्यम विकास और कौशल प्रशिक्षण (ईडीपी) भी दिया जाएगा।
योजना से जुड़ने के लिए आम नागरिक नगर निगम, बी.के. चौक, एन.आई.टी फरीदाबाद के कमरा नंबर 96 में जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। यहां लोग भारत सरकार की 9 योजनाओं का लाभ भी ले सकते हैं: प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना,एक देश एक राशन कार्ड योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत)।
नगर निगम ने सभी पार्षदों, रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी, मार्केट एसोसिएशन, ठेकेदारों, ऑटो-रिक्शा यूनियन, मजदूर संगठनों और मीडिया से अनुरोध किया है कि वे इस योजना के बारे में लोगों को जागरूक करें ताकि ज्यादा से ज्यादा गरीब और जरूरतमंद लोग इसका लाभ ले सकें।

